
डिजिटल डेस्क, लखनऊ। लखनऊ में आयोजित 'सेवा ज्योति यात्रा-विकसित भारत संकल्प सभा' को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन की सराहना की। उन्होंने इसे ग्रामीण भारत से लेकर वैश्विक मंच तक और जनसेवा से राष्ट्र निर्माण तक की एक अप्रतिम यात्रा करार दिया। हजरतगंज स्थित पटेल पार्क में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि एक सामान्य कार्यकर्ता से शुरू हुआ यह सफर आज भारत को दुनिया भर में नई पहचान दिला चुका है।
गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में 7 अक्टूबर 2001 को पहली बार शपथ लेने से लेकर देश के नेतृत्व तक का यह सफर हर नागरिक के कल्याण से जुड़ा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को हासिल करने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने याद दिलाया कि जब नरेंद्र मोदी ने गुजरात की कमान संभाली थी, तब राज्य भीषण प्राकृतिक आपदाओं और सामाजिक चुनौतियों से जूझ रहा था। इसके बावजूद उन्होंने राज्य को एक रोल मॉडल के रूप में स्थापित किया। उन्होंने कहा कि यह एक सुखद संयोग है कि जब नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी, तब लखनऊ के सांसद अटल बिहारी वाजपेयी देश के प्रधानमंत्री थे, और आज वे स्वयं वाराणसी का प्रतिनिधित्व करते हुए देश का मार्गदर्शन कर रहे हैं।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि बीते 12 वर्षों में भारत कमजोर अर्थव्यवस्थाओं की श्रेणी से निकलकर विश्व की शीर्ष पांच आर्थिक महाशक्तियों में शामिल हो चुका है। देश में स्टार्टअप्स की संख्या कुछ हजार से बढ़कर 2.5 लाख के पार पहुंच चुकी है। रेलवे के बुनियादी ढांचे में क्रांति आई है, जिसमें शत-प्रतिशत विद्युतीकरण, ब्रॉड गेज रूपांतरण, फ्रेट कॉरिडोर के साथ-साथ वंदे भारत, अमृत भारत और नमो भारत जैसी आधुनिक ट्रेनें शामिल हैं।
इसके अलावा, सेमीकंडक्टर और रक्षा निर्माण के क्षेत्र में भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। 12 से अधिक बड़े चिप निर्माण संयंत्रों पर काम जारी है और देश बड़े पैमाने पर रक्षा उत्पादों का निर्यात कर रहा है। स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में एम्स की संख्या 6 से बढ़कर 23 हो गई है। उत्तर प्रदेश के संदर्भ में उन्होंने कहा कि राज्य की छवि अब 'वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया' से बदलकर 'वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज' और 'ओडीओपी' (वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट) की बन चुकी है।
राज्यसभा चुनाव के परिणामों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह नतीजा आगामी विधानसभा चुनाव की दिशा तय करता है। उन्होंने इसे एक बार फिर '80 बनाम 20' की लड़ाई बताया, जिसमें 80 फीसदी समर्थन एनडीए के पक्ष में और 20 फीसदी पीडीए के पाले में रहने का दावा किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत लगाई गई 'जन सेवा से देश सेवा' प्रदर्शनी का अवलोकन किया और 'सेवा ज्योति' की स्थापना की। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के कार्यकाल को देश के कायाकल्प का समय बताया। इस सभा के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं को अपने-अपने क्षेत्रों में 'सेवा ज्योति' ले जाकर वर्ष 2047 के विकसित भारत के संकल्प को घर-घर पहुंचाने का दायित्व सौंपा गया।
यह भी पढ़ें- पीएम आवास योजना-शहरी में यूपी का देशभर में परचम, दो राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित