डिजिटल डेस्क, मंगलौर/मेरठ। प्रेम प्रसंग के चलते एक कलयुगी बेटी द्वारा अपनी ही मां की बेरहमी से हत्या करने का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। मां को रास्ते से हटाने के लिए बेटी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर ऐसी खौफनाक साजिश रची जिसने हर किसी को सन्न कर दिया है।
आरोपियों ने चलती कार में पीछे से मां का गला रेता और फिर शव को करीब 125 किलोमीटर तक घुमाने के बाद मंगलौर में गंगनहर किनारे झाड़ियों में फेंक दिया। उत्तराखंड की मंगलौर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर इस अंधी हत्या की गुत्थी को सुलझाते हुए हत्यारोपी बेटी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।
दर्शन के बहाने मौत का सफर
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मृतका की पहचान मेरठ के नटेशपुरम निवासी कविता (42) पत्नी अरविंद पंवार के रूप में हुई। 17 अगस्त को बेटी उन्नति (20) और उसका प्रेमी आकाश चौहान (निवासी दूल्हेड़ा, मेरठ) कविता को मनोना धाम (बरेली) दर्शन कराने के बहाने ब्रेजा कार से ले गए।
योजना के मुताबिक, मेरठ में एक मंदिर के दर्शन कराने के बाद जब वे आगे बढ़े, तो ड्राइविंग कर रहे आकाश ने कविता को बातों में उलझाए रखा। इसी दौरान कार की पिछली सीट पर बैठी उन्नति ने अपनी मां का चाकू से गला रेत दिया।
खून से सने कपड़े बदले, रात भर कार में रखा शव
हत्या के दौरान उन्नति और आकाश के कपड़े खून से सन गए थे। पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद दोनों मेरठ के एक मार्ट में गए, वहां से नए कपड़े खरीदे और पहने। इसके बाद वे शव को कार में रखकर हरिद्वार की तरफ निकल गए।
मंगलवार तड़के करीब 4:40 बजे जब शव से दुर्गंध आनी शुरू हुई, तो घबराए आरोपियों ने मंगलौर पहुंचकर पुराने गंगनहर पुल के पास झाड़ियों में शव को फेंक दिया और फरार हो गए।
पति ने की शिनाख्त, 24 घंटे में ऐसे पकड़े गए आरोपी
मंगलवार सुबह जब पुलिस को अज्ञात महिला का शव मिला, तो उन्होंने शिनाख्त के लिए यूपी और आसपास के थानों के व्हाट्सएप ग्रुप में तस्वीरें भेजीं। मृतका के पति अरविंद (मूल निवासी मुजफ्फरनगर, हाल निवासी मेरठ) ने शव की पहचान की।
बेटी ने पिता से कहा, मां को मनोना धाम ले जा रही है
अरविंद ने बताया कि 17 अगस्त को ड्यूटी से लौटने पर जब पत्नी और बेटी घर पर नहीं मिले, तो उसने बेटी को फोन किया था। तब बेटी ने बताया था कि वह मां को आकाश के साथ मनोना धाम ले जा रही है।
अरविंद के शक जताने और तहरीर देने के बाद मंगलौर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भगवान महर की टीम ने मंगलवार देर रात लक्सर रोड से ब्रेजा कार सवार प्रेमी युगल को गिरफ्तार कर लिया। कार के अंदर से खून से सना चाकू और खून से सनी सीटें बरामद कर ली गई हैं।
पाबंदी से नाराज थी बेटी
पुलिस की पूछताछ में सामने आया है कि मां कविता अपनी बेटी और आकाश के संबंधों के सख्त खिलाफ थी। इसी नाराजगी के चलते कविता ने इंटर में पढ़ने वाली उन्नति का स्कूल जाना बंद करा दिया था। दूसरी तरफ, आकाश भी मेरठ के नटेशपुरम में ही कमरा किराये पर लेकर रहने लगा था।
मां की इन्ही सख्तियों और विरोध से परेशान होकर बेटी ने इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार, बेटी पहले भी अपनी मां को जान से मारने की धमकी दे चुकी थी। बेहतरीन कार्यप्रणाली के लिए एसपी देहात ने मामले का जल्द पर्दाफाश करने वाली पुलिस टीम को इनाम देने की संस्तुति की है।