मेरठ-रुड़की हाईवे पर नशे में अग्निवीर का हंगामा, पुलिस से भी भिड़ा, दारोगा की वर्दी फाड़ने की कोशिश की, सेना पुलिस के हवाले किया गया
कंकरखेड़ा क्षेत्र में मेरठ-रुड़की हाईवे पर नशे में धुत एक अग्निवीर सिपाही के हंगामे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया ह...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 17 Aug 2026 01:32:45 PM (IST)Updated Date: Mon, 17 Aug 2026 01:33:28 PM (IST)
HighLights
- कार टकराने के बाद शुरू हुआ विवाद
- कार चालक ने पुलिस को सूचना दी
- पांच पुलिसकर्मियों से हुई खींचतान
डिजिटल डेस्क, मेरठ। कंकरखेड़ा क्षेत्र में मेरठ-रुड़की हाईवे पर नशे में धुत एक अग्निवीर सिपाही के हंगामे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। आरोप है कि कार की टक्कर के बाद विवाद बढ़ा और मौके पर पहुंची पुलिस से भी सिपाही ने अभद्रता व हाथापाई की।
वायरल वीडियो में दारोगा की वर्दी फाड़ने का दावा भी किया जा रहा है। पुलिस ने सिपाही को हिरासत में लेने के बाद सेना पुलिस के हवाले कर दिया।
कार टकराने के बाद शुरू हुआ विवाद
बताया जा रहा है कि अग्निवीर के रूप में सेना में भर्ती हर्ष तोमर कंकरखेड़ा क्षेत्र में हाईवे किनारे अपनी कार पीछे कर रहा था। इसी दौरान उसकी कार पीछे खड़ी दूसरी कार से टकरा गई। दूसरी कार के चालक ने इसका विरोध किया तो दोनों के बीच कहासुनी होने लगी।
कार चालक ने पुलिस को सूचना दी
मामला बढ़ने पर कार चालक ने पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में कंकरखेड़ा थाना पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने जब हर्ष तोमर को समझाने और हिरासत में लेने का प्रयास किया तो उसने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों से भी खींचतान शुरू कर दी।
पांच पुलिसकर्मियों से हुई खींचतान
पुलिस के अनुसार, मौके पर मौजूद दारोगा, हेड कांस्टेबल और सिपाहियों समेत करीब पांच पुलिसकर्मियों ने अग्निवीर को नियंत्रित करने का प्रयास किया। आरोप है कि इसी दौरान उसने एक हेड कांस्टेबल और दारोगा की गर्दन दबाने की कोशिश की।
मौके पर मौजूद लोगों की भीड़ इस पूरे घटनाक्रम को देखती रही। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने मोबाइल फोन से घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में पुलिसकर्मी और आरोपी के बीच धक्का-मुक्की दिखाई देने की बात कही जा रही है। साथ ही दारोगा की वर्दी फटने का दावा भी किया जा रहा है।
थाने ले जाकर सेना पुलिस को दी गई सूचना
पुलिसकर्मियों ने किसी तरह हर्ष तोमर को काबू में किया और थाने ले गए। इसके बाद कंकरखेड़ा पुलिस ने सेना पुलिस को घटना की जानकारी दी। सेना पुलिस थाने पहुंची और आरोपी अग्निवीर सिपाही को अपने साथ ले गई।कंकरखेड़ा थाना इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह के मुताबिक, अग्निवीर सिपाही नशे की हालत में था।
उसकी कार पीछे खड़ी दूसरी कार से टकराई थी, जिसके बाद दूसरी कार के चालक से विवाद और बदसलूकी हुई। पुलिस के पहुंचने पर उसने पुलिसकर्मियों से भी खींचतान की। इसके बाद सेना पुलिस को बुलाकर आरोपी को उनके सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में वायरल वीडियो और घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।