

डिजिटल डेस्क, गाजियाबाद। गाजियाबाद से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक शख्स ने अपनी नाबालिग साली से दुष्कर्म किया। इस पूरी घटना के दौरान पीडि़ता की सगी बड़ी बहन मौजूद थी और वह पूरे समय वारदात का वीडियो बना रही थी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया था, इसके बाद अब महिला को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
शिकायत में बताया गया था कि आरोपित व्यक्ति ने नाबालिग के साथ कई बार दुष्कर्म किया और घटना की जानकारी होने पर उसे जान से मारने तथा खुद आत्महत्या करने की धमकी दी। घटना की जानकारी देते हुए एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि 11 अगस्त को पीड़िता की मां की तहरीर पर क्रासिंग रिपब्लिक थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस टीम ने शनिवार को क्रासिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र से आरोपित महिला को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से घटना से संबंधित मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है, जिसमें नाबालिग की अश्लील वीडियो मिली। पुलिस ने आरोपित महिला को जेल भेज दिया है। जांच के दौरान सामने आया कि दुष्कर्म की घटनाओं में उसकी पत्नी भी मौजूद रहती थी और मोबाइल फोन से वीडियो बनाती थी।