
डिजिटल डेस्क, मेरठ। उत्तर प्रदेश में स्कूल और कॉलेजों में शिक्षा ग्रहण कर रही छात्राओं के परिवारों के लिए एक राहत भरी और बड़ी खुशखबरी सामने आई है। राज्य सरकार की नई घोषणा के तहत, यदि किसी एक ही परिवार की दो बेटियां पढ़ाई कर रही हैं, तो उनमें से एक बेटी की ट्यूशन फीस पूरी तरह माफ की जाएगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा की गई इस घोषणा को नए शैक्षणिक सत्र से धरातल पर उतारने की कवायद तेज हो गई है। उत्तर प्रदेश शासन के संयुक्त सचिव संजय कुमार द्वारा इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिए गए हैं।
शासन के इस फैसले के बाद शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) ने राज्य के सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों (DIOS) को जरूरी दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। आदेश के मुताबिक, सरकार द्वारा निर्धारित आय सीमा से नीचे जीवन यापन करने वाले (आर्थिक रूप से कमजोर) परिवारों को इस योजना का सीधा लाभ मिलेगा।
यदि ऐसे परिवार की एक से अधिक बेटियां किसी भी स्कूल, कॉलेज या संस्थान में पढ़ रही हैं, तो दूसरी बेटी की शिक्षण शुल्क (ट्यूशन फीस) को या तो संबंधित संस्था से अनुरोध कर माफ कराया जाएगा, अथवा उस फीस की भरपाई (प्रतिपूर्ति) सीधे राज्य सरकार द्वारा की जाएगी।
यह भी पढ़ें- आधार कार्ड यूजर्स के लिए बड़ी राहत: 1 जुलाई से मुफ्त में अपडेट होगी ईमेल आईडी, यूआईडीएआई ने खत्म की 75 रुपये की फीस
इस योजना के सुचारू क्रियान्वयन के लिए शिक्षा विभाग ने कमर कस ली है। जिले के सभी यूपी बोर्ड, सीबीएसई (CBSE) और आईसीएसई (ICSE) बोर्ड से संबद्ध स्ववित्त पोषित (प्राइवेट) माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों से कक्षा 9वीं से 12वीं तक की छात्राओं और उनसे ली जाने वाली ट्यूशन फीस का पूरा विवरण मांगा गया है। सरकार के इस कदम से गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों में बेटियों की उच्च शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा।