मेरठ में युवती की मौत पर बवाल, 6 महीने पहले हुई थी शादी, कब्र से निकाला गया शव
सरधना क्षेत्र में एक युवती की संदिग्ध मौत का मामला अब गंभीर रूप लेता जा रहा है। प्रशासन के निर्देश पर शनिवार को कब्र से शव निकालकर पोस्टमार्टम कराया ग ...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 11 Apr 2026 05:28:41 PM (IST)Updated Date: Sat, 11 Apr 2026 05:28:41 PM (IST)
मेरठ में युवती की मौत पर बवालHighLights
- युवती की संदिग्ध मौत पर कब्र से शव निकालकर जांच
- मायके पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का आरोप
- क्षेत्र पंचायत सदस्य से 69 हजार की साइबर ठगी
डिजिटल डेस्क। सरधना क्षेत्र में एक युवती की संदिग्ध मौत का मामला अब गंभीर रूप लेता जा रहा है। प्रशासन के निर्देश पर शनिवार को कब्र से शव निकालकर पोस्टमार्टम कराया गया, जिससे पूरे इलाके में हलचल मच गई है।
कब्र से शव निकालकर जांच शुरू
जिलाधिकारी के आदेश पर नायब तहसीलदार भूपेन्द्र कुमार की मौजूदगी में शव को कब्र से बाहर निकाला गया। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने जरूरी साक्ष्य जुटाए और इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
शादी के कुछ महीने बाद हुई मौत
मृतका गुलफ्शा (19) की शादी 12 अक्टूबर 2025 को सरधना के किला खेवान निवासी युवक से हुई थी। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था।
31 मार्च को उसकी तबीयत खराब होने की सूचना दी गई थी और उसे मेरठ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
बिना सूचना दफनाने का आरोप
मायके पक्ष का कहना है कि उन्हें बेटी से मिलने नहीं दिया गया और बिना जानकारी दिए ही शव को दफना दिया गया। इसके बाद उन्होंने ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
साइबर ठगी का मामला भी सामने आया
इसी क्षेत्र से एक और मामला सामने आया है, जहां छुर गांव निवासी क्षेत्र पंचायत सदस्य राजू के खाते से साइबर ठगों ने 69,724 रुपये निकाल लिए। पीड़ित का खाता पंजाब नेशनल बैंक की सरधना शाखा में है। घटना की जानकारी मिलते ही बैंक से संपर्क किया गया, जहां ऑनलाइन फ्रॉड की पुष्टि हुई।
सीओ आशुतोष कुमार के अनुसार, मामले की जांच शुरू कर दी गई है और साइबर सेल की मदद से आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।
यह भी पढ़ें- UP का ऐतिहासिक काली मंदिर, जब अंग्रेजों के सामने मिट्टी बन गई थी 'मिश्री', पढ़ें इसकी महिमा