
डिजिटल डेस्क। दुनिया के सबसे पुराने लोकतंत्र अमेरिका में चुनावी पहचान को लेकर भारतीय चुनाव प्रणाली की तारीफ हो रही है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत की चुनावी व्यवस्था की तारीफ की है। इसके साथ ही उन्होंने अपने देश में वोटर आईडी और सिटीजन प्रूफ को लेकर चल रही मुहिम को तेज कर दिया है।
इस दौरान ट्रंप ने भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का जिक्र करते हुए सवाल उठाया कि भारत में इतनी बड़ी आबादी चुनाव में हिस्सा ले सकती है और वहां वोटर की पहचान को लेकर स्पष्ट व्यवस्था है, तो अमेरिका में भी ऐसा होना चाहिए।
मुख्य चुनाव आयुक्त का किया जिक्र
ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए लिखा कि इस महीने की शुरुआत में भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने हमारे प्रशासन से पूछा कि आप बिना वैध फोटो आईडी के अमेरिका में चुनाव कैसे करवा सकते हैं ?
उन्होंने भारत के पिछले लोकसभा चुनाव का जिक्र किया और बताया कि बीते चुनाव में 64.6 करोड़ मतदाता थे, जिसमें एक प्रतिशत से भी कम ने डाक से वोट डाला और हर मतदाता के पास वैध फोटो पहचान दस्तावेज होना जरूरी था।
यह भी पढ़ें- अमेरिका के मिशिगन में ताबड़तोड़ फायरिंग, पांच लोगों की मौत, सर्च ऑपरेशन में खुद भी मृत मिला हमलावर
सेव अमेरिका एक्ट पर जोर
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि हमें भी भारत की तरह चुनाव पारदर्शी, शुचिता और निष्पक्षता के साथ कराना होगा। अब समय आ गया है जब अमेरिका में 'सेव अमेरिका एक्ट' को पास किया जाए। व्हाइट हाउस ने कहा कि भारत और ब्राजील जैसे देशों में मतदाता आईडी को बायोमेट्रिक डेटाबेस से जोड़ा जाता है, जबकि अमेरिका मुख्य रूप से नागरिकता के लिए स्व-घोषणा पर निर्भर करता है। ट्रंप प्रशासन का मानना है कि सख्त मतदाता-आईडी और नागरिकता संबंधी नियम चुनाव सुरक्षा को मजबूत और पारदर्शिता प्रदान करेंगे।