
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। फ्रांस में बढ़ती महंगाई, लचर शिक्षा व्यवस्था और सार्वजनिक सेवाओं की बदहाली से तंग आकर नागरिक बड़े पैमाने पर सड़कों पर उतर आए हैं। सरकार के प्रति बढ़ते असंतोष के बीच इस आंदोलन की एक अनोखी बात चर्चा का विषय बनी हुई है, जहां प्रदर्शनकारियों के बीच 'सुपरहीरो' के लिबास में पहुंचे युवा। सड़कों पर कैप्टन अमेरिका, बैटमैन और स्पाइडर-मैन के कॉस्ट्यूम में लोग पुलिस के सामने डटे हुए नजर आ रहे हैं।
इंटरनेट मीडिया पर इस अनोखे विरोध प्रदर्शन के कई वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान एक युवक कैप्टन अमेरिका की ढाल का इस्तेमाल कर पुलिस द्वारा छोड़ी जा रही वाटर कैनन को रोकता दिखा। कुछ युवा बैटमैन के परिधान में पुलिस बलों के खिलाफ संघर्ष करते दिखे, तो वहीं सुपरमैन के कपड़ों में एक युवक पुलिसकर्मियों के सामने नाचता नजर आया, जिसका भीड़ ने तालियां बजाकर उत्साह बढ़ाया।
कई प्रदर्शनकारी काल्पनिक हथियारों व ढालों के साथ आंदोलन को अलग रूप देने में जुटे हैं। आंदोलन की शुरुआत छात्रों द्वारा देश की बदहाल शिक्षा प्रणाली के विरोध से हुई थी। धीरे-धीरे छात्रों के इस आंदोलन में मजदूर संगठनों (यूनियनों) के नेता और आम जनता जुड़ते चले गए, जिससे यह देशव्यापी बन गया। दैनिक उपभोग की वस्तुओं के बढ़ते दाम और सार्वजनिक सेवाओं की घटती गुणवत्ता ने आम नागरिकों के गुस्से को हवा दी।
यह भी पढ़ें- दिल्ली जैसा आदेश भोपाल में भी... 3 चौराहों पर अगले 2 महीने तक धारा 163 लागू, जानें क्या है वजह
प्रदर्शनों के उग्र होने से फ्रांस के कई शहरों में आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं हुई हैं। उपद्रवियों ने टाउन हॉल जैसी ऐतिहासिक और प्रशासनिक इमारतों को निशाना बनाया है, जिस पर अंतरराष्ट्रीय स्तर (अमेरिकी उपराष्ट्रपति सहित) से भी प्रतिक्रियाएं आई हैं। हालात को देखते हुए फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने साफ चेतावनी दी है कि हिंसा और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कानून के तहत बेहद कठोर कार्रवाई की जाएगी।