
डिजिटल डेस्क। बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना द्वारा आगामी 16 दिसंबर को स्वदेश लौटने की घोषणा किए जाने के बाद ढाका प्रशासन ने बेहद सख्त रुख अपनाया है। बांग्लादेश सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि हसीना की यह इच्छा धरातल की सच्चाई से कोसों दूर है और उन्हें देश में केवल एक दोषी आतंकवादी के तौर पर हथकड़ियां पहनाकर ही लाया जा सकता है।
बांग्लादेश के विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने पूर्व प्रधानमंत्री पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें 'भगोड़ा अपराधी' करार दिया। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश की जनता ने केवल एक ही किस्म का आतंक देखा है, जो शेख हसीना के संरक्षण में पनपा 'अवामी आतंकवाद' था। कबीर के मुताबिक, हसीना एक सजायाफ्ता अपराधी हैं और कानून से भाग रही हैं।
विदेश राज्य मंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि हसीना अपनी घबराहट में धनबल या समर्थकों के जरिए मीडिया में खबरें छपवा सकती हैं, लेकिन ख्वाहिश और हकीकत दो बिल्कुल अलग पहलू हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी आतंकवादी को प्रत्यर्पण की कानूनी प्रक्रिया के अलावा किसी अन्य रास्ते से देश में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जा सकती। कबीर ने आगे कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि हसीना नींद में बुरे ख्वाब देखती हैं कि वह विमान में बैठकर बांग्लादेश लौट रही हैं, जबकि वास्तविकता इससे बिल्कुल उलट है।
गौरतलब है कि शेख हसीना द्वारा वापसी की तारीख तय किए जाने के बाद प्रधानमंत्री तारिक रहमान के नेतृत्व वाली मौजूदा बांग्लादेश सरकार की यह पहली आधिकारिक प्रतिक्रिया है। देश में पहले से ही उनकी पार्टी अवामी लीग पर प्रतिबंध लागू है और इस महीने की शुरुआत में हसीना द्वारा नए पासपोर्ट व यात्रा दस्तावेजों की मांग किए जाने के बाद से हिंसा की घटनाओं में भी इजाफा हुआ है। ऐसे में इस बयान से सियासी और कानूनी टकराव और तेज होने के आसार हैं।
निर्वासन में दिल्ली में रह रहीं शेख हसीना ने बांग्लादेश प्रशासन से अनुरोध किया था कि विद्रोह के बाद देश छोड़ने के दौरान रद्द किए गए उनके जरूरी दस्तावेज बहाल किए जाएं। साथ ही, उन्होंने राष्ट्रीय विमानन कंपनी 'बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस' के जरिए उनकी स्वदेश वापसी का प्रबंध करने की भी मांग रखी थी।
इस मांग को सिरे से खारिज करते हुए ढाका प्रशासन ने दोहराया है कि उनकी वापसी का एकमात्र जरिया भारत के माध्यम से होने वाला प्रत्यर्पण ही है। बता दें कि पिछले वर्ष बांग्लादेश की एक अदालत ने छात्र आंदोलन को कुचलने के लिए घातक बल प्रयोग का आदेश देने के मामले में हसीना की गैर-मौजूदगी में उन्हें मृत्युदंड की सजा सुनाई थी, हालांकि हसीना इन सभी आरोपों को बेबुनियाद बताती रही हैं।
हसीना के अनुरोध पर कड़ा ऐतराज जताते हुए हुमायूं कबीर ने दो टूक कहा कि वह कोई सामान्य व्यावसायिक यात्री नहीं हैं, जिन्हें आम फ्लाइट से बुलाया जाए। उन्हें केवल कड़े सुरक्षा घेरे में हथकड़ी लगाकर ही बांग्लादेश लाया जाएगा।
वहीं, हसीना को फांसी की सजा सुनाने वाले बांग्लादेश के इंटरनेशनल क्राइम्स ट्रिब्यूनल (ICT) के मुख्य अभियोजक अमीनुल इस्लाम ने भी इस मांग को बेतुका बताया। उन्होंने कहा कि एक फरार और सजायाफ्ता मुजरिम का यह सोचना कि सरकार खुद उसकी वापसी की व्यवस्था करेगी, पूरी तरह तर्कहीन है। इसके अतिरिक्त, बांग्लादेश के एक अन्य मंत्री ने रविवार को समाचार एजेंसी रॉयटर्स से बातचीत में पुष्टि की कि हसीना के कदम रखते ही उन्हें गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा, और उन्हें वापस लाने के लिए विमान भेजने के संबंध में भारत सरकार के साथ कोई औपचारिक संवाद नहीं हुआ है।
यह भी पढ़ें- 8 साल और 10 अरब किमी के कठिन सफर के बाद बुध की कक्षा में पहुंचा 'बेपीकोलंबो', सामने आएंगे कई बड़े राज