
डिजिटल डेस्क, नईदिल्ली। ब्राजील के मनौस शहर में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां 31 साल की ट्रांस वुमन को अपने 61 साल के सौतेले पिता पर जानलेवा हमला करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी पर पीड़ित की आंखें फोड़ने, कान काटने और रेप करने का आरोप लगा है। जान बचाने के लिए पीड़ित को तीसरी मंजिल की बालकनी से कूदना पड़ा, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के मुताबिक यह घटना 22 सितंबर की दोपहर करीब 1 बजे की है, जो अब इंटरनेट पर चर्चा का विषय बनी हुई है। आरोपी ऑरोरा नाओमी ला फे अपने फ्लैट में पिता के आने का इंतजार कर रही थी। पिता के आते ही उसने हमला कर दिया।
हमले में पीड़ित की आंखों की रोशनी हमेशा के लिए चली गई। डॉक्टरों को सर्जरी कर उसकी दोनों आंखें निकालनी पड़ीं। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
जांच अधिकारियों का कहना है कि दर्द के कारण पीड़ित बेहोश हो गया था और आशंका है कि इसी दौरान उसके साथ यौन उत्पीड़न हुआ। होश में आने पर पीड़ित कुछ भी देख नहीं पा रहा था, इसके बावजूद वह बालकनी की तरफ भागा और पड़ोस के घर की छत पर गिर गया। वहां से फायर ब्रिगेड और मेडिकल टीम ने उसे रेस्क्यू किया।
द सन की रिपोर्ट के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने रेप के आरोपों से इनकार किया है। उसका दावा है कि गांजा पीने की वजह से उसे हैल्यूजिनेशन हो रहा था और पूरी घटना याद नहीं है।
पुलिस का कहना है कि पीड़ित आरोपी को ट्रांस वुमन के रूप में स्वीकार नहीं करता था, जिस वजह से दोनों के बीच 5 साल से विवाद चल रहा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।