
डिजिटल डेस्क, नईदिल्ली। चीन की राजधानी बीजिंग से एक चौंका देने वाला मामला सामने आया है। यहां पर एक पांच की मासूम बच्ची खेलते-खेलते मौत के नजदीक पहुंच गई। दरअसल, बच्ची ने 50 ग्राम सोने की बिस्किट को निगल लिया था। बच्ची की तबीयत खराब होने के बाद तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पर डॉक्टरों ने एक जटिल सर्जरी कर उसकी जान को बचाया।
घटना रविवार 16 अगस्त की है जब बच्ची की हालत गंभीर हुई तो उसे बीजिंग चिल्ड्रन्स हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। भारी और ठोस सोने की सिल्ली से उसके पेट की अंदरूनी परत छिलने का खतरा था। इससे इंटरनल ब्लीडिंग और अंगों में छेद होने का डर था।
पेट में फंसी सोने की सिल्ली
एक्स-रे से पता चला कि सोने की यह छोटी सिल्ली 4 सेंटीमीटर लंबी थी और निगलने के बाद उसके पेट में ही फंसी रह गई। साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की एक रिपोर्ट के मुताबिक, बच्ची ने घर पर खेलते समय यह सोने की सिल्ली निगल ली थी। हॉस्पिटल ले जाने से पहले परिवार वाले उसे कई छोटे क्लीनिकों में ले गए, लेकिन किसी के पास भी शरीर में फंसी बाहरी चीजों को इमरजेंसी में एंडोस्कोपी के जरिए निकालने की सुविधा नहीं थी। कैपिटल मेडिकल यूनिवर्सिटी से जुड़े हॉस्पिटल ने बताया कि बच्ची को गंभीर हालत में लाया गया था।
यह भी पढ़ें- अमेरिका में भारतवंशी पिया डांडिया ने रचा इतिहास... फ्लोरिडा से जीता डेमोक्रेटिक प्राइमरी चुनाव
एंडोस्कोपी की ली गई मदद
चीन के डॉक्टरों ने पाया कि सोने की सिल्ली लड़की के पेट के अंदर फंसी हुई थी, जहां ऑपरेशन करने के लिए बहुत कम जगह थी। इसके बावजूद, डॉक्टरों ने ऑपरेशन के दौरान एंडोस्कोपी की और एक 'स्नेयर' (फंदे जैसे उपकरण) की मदद से सिल्ली को पकड़ा और सावधानी से उसे पेट से बाहर ले आए।
बच्ची पूरी तरह स्वस्थ
डॉक्टरों की टीम को सोने की सिल्ली निकालने में कुछ ही मिनट लगे, लेकिन यह एक मुश्किल ऑपरेशन था। लड़की अब ठीक हो गई है और उसके सभी जरूरी स्वास्थ्य संकेत यानी वाइटल साइन सामान्य हैं।
यह भी पढ़ें- रोबोटिक्स में अमेरिका को पछाड़ रहा चीन... DARPA की तकनीक से बने 'रोबोट डॉग्स', पेंटागन ने लगाए प्रतिबंध