
डिजिटल डेस्क। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की डिनर पार्टी में हुई गोलीबारी के मामले में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग (DHS) की प्रारंभिक खुफिया रिपोर्ट के अनुसार, इस हमले के पीछे ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच चल रहे युद्ध का तनाव एक बड़ी वजह हो सकता है।
खुफिया रिपोर्ट में आकलन किया गया है कि हमलावर ने ईरान के साथ अमेरिका के संघर्ष से प्रेरित होकर डोनाल्ड ट्रंप और उनके प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों की हत्या की साजिश रची थी। 27 अप्रैल को तैयार की गई इस रिपोर्ट के अनुसार, 31 वर्षीय संदिग्ध कोल टॉमस एलेन कई सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों से नाराज था। उसके सोशल मीडिया पोस्ट्स की जांच से पता चला है कि वह अमेरिका की युद्ध संबंधी कार्रवाइयों का कड़ा आलोचक था।
यह घटना 25 अप्रैल को हुई थी, जब ट्रंप अपनी सालाना 'व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट डिनर पार्टी' की मेजबानी कर रहे थे। इस कार्यक्रम में करीब ढाई हजार मेहमान मौजूद थे। हमलावर ने जैसे ही गोलीबारी शुरू की, वहां भगदड़ मच गई और लोगों ने टेबल के नीचे छिपकर अपनी जान बचाई।
हमलावर डोनाल्ड ट्रंप तक पहुंच पाता, उससे पहले ही सीक्रेट सर्विस के मुस्तैद जवानों ने उसे दबोच लिया। इस मुठभेड़ में एक सीक्रेट सर्विस एजेंट घायल हुआ था। सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत घेरा बनाकर ट्रंप, उनकी पत्नी मेलानिया, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और अन्य उच्चाधिकारियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
हालांकि इस खुफिया रिपोर्ट में ईरान युद्ध को हमले की मुख्य वजह बताया गया है, लेकिन गृह सुरक्षा विभाग और न्याय विभाग ने आधिकारिक तौर पर इस पर कोई भी प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया है। फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) ने भी फिलहाल इस मामले पर चुप्पी साधी हुई है।
यह भी पढ़ें- अमेरिका में चीन से आई ‘साइलेंट किलर चींटी’ का खतरा बढ़ा, 20 राज्यों में अलर्ट