
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दुबई का नाम आते ही लोगों के जेहन में गगनचुंबी इमारतें, महंगी गाड़ियां और लग्जरी लाइफस्टाइल की तस्वीर उभरती है। हालांकि, विदेश जाकर कमाई करने वाले हर व्यक्ति की जिंदगी ऐसी सुविधाओं से भरी नहीं होती। सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो ने दुबई में रहने की इसी दूसरी तस्वीर को सामने रखा है।
वीडियो में एक भारतीय महिला दुबई में अपने कमरे की झलक दिखाती नजर आ रही हैं। कमरे तक पहुंचने के लिए उन्हें बेहद संकरे रास्ते से गुजरना पड़ता है। इसके बाद डुप्लेक्स स्टाइल का छोटा-सा कमरा दिखाई देता है। कमरे के ऊपरी हिस्से में सोने के लिए बेड लगा है, जबकि नीचे सामान रखने के लिए बेहद सीमित जगह है।
महिला के अनुसार, इस कमरे का मासिक किराया करीब 1200 से 1300 दिरहम है। भारतीय रुपये में इसकी कीमत लगभग 30,000 से 33,000 रुपये बैठती है। अगर दो लोग कमरा शेयर करते हैं तो किराया 36,000 से 39,000 रुपये तक पहुंच जाता है।
महिला बताती हैं कि कमरे में एसी की सुविधा मौजूद है, लेकिन जगह इतनी कम है कि सामान और सूटकेस रखने के लिए भी जगह तलाशनी पड़ती है। महंगे किराये के बावजूद सीमित जगह में रहना उनके लिए चुनौतीपूर्ण नजर आता है। वीडियो में कमरे की तंग व्यवस्था दुबई की चमकदार तस्वीर से बिल्कुल अलग दिखाई देती है।
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाएं आने लगीं। कुछ यूजर्स ने इतनी कम जगह में रहने को लेकर हैरानी जताई और कहा कि ऐसे कमरे में रहना मुश्किल हो सकता है। दुबई में रह चुके कुछ लोगों ने इसे विदेश में शुरुआती संघर्ष का हिस्सा बताया। उनका कहना है कि कई लोगों की शुरुआत बेडस्पेस या पार्टिशन वाले कमरे से होती है। विदेश में कमाई के अवसर होने के बावजूद महंगा किराया और रोजमर्रा के खर्च आम लोगों के लिए बड़ी चुनौती बन जाते हैं।