
डिजिटल डेस्क। इंडोनेशिया के मदुरा द्वीप के निकट एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां यात्रियों से भरी एक फेरी (यात्री नाव) में अचानक भयानक आग लग गई। इस जलपोत हादसे में कम से कम 5 लोगों की जान चली गई है, जबकि 41 यात्री अब भी लापता बताए जा रहे हैं। राहत और बचाव दल द्वारा समुद्र में लापता लोगों की तलाश के लिए युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
यह समुद्री पोत पूर्वी जावा प्रांत के सुराबाया शहर से रवाना होकर दक्षिण सुलावेसी के मकासर की ओर जा रहा था। सफर शुरू होने के कुछ ही घंटों के भीतर इसमें भीषण आग भड़क उठी। इंडोनेशिया की नेशनल सर्च एंड रेस्क्यू एजेंसी द्वारा जारी बयान के अनुसार, जावा के उत्तर-पूर्वी तट पर स्थित मदुरा द्वीप के पास रविवार सुबह यह हादसा हुआ। हालांकि, आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है।
स्थानीय मीडिया और रेस्क्यू एजेंसी के आंकड़ों के मुताबिक, जब आग लगी तब जहाज पर चालक दल (क्रू मेंबर्स) सहित लगभग 271 लोग मौजूद थे। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के कई जहाजों की मदद से व्यापक बचाव अभियान शुरू किया गया। अब तक 225 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है।
सोशल मीडिया पर सामने आए घटना के वीडियो में फेरी के ऊपरी हिस्से से उठते काले धुएं के गुबार को देखा जा सकता है। आग की लपटें तेजी से फैलने के कारण लाइफ जैकेट पहने घबराए हुए यात्री जहाज के एक किनारे पर एकत्र हो गए और जान बचाने के लिए कुछ लोग समुद्र के पानी में छलांग लगाते भी दिखाई दिए।
यह भी पढ़ें- 14 टीमें, 12 शहर और नया फॉर्मेट, ICC ने जारी किया 2027 वनडे विश्व कप का पूरा खाका
(समाचार एजेंसी रॉयटर्स के इनपुट के साथ)