
डिजिटल डेस्क, वॉशिंगटन। अमेरिका के शिकागो से एक दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 31 वर्षीय भारतीय मूल के अंकुर पटेल ने अपनी 32 साल की पत्नी की निर्मम हत्या कर दी। आरोपी ने इस वारदात को अंजाम सिर्फ इसलिए दिया क्योंकि उसकी पत्नी ने उसके साथ दोबारा रहने से इनकार कर दिया था और अपने पूर्व सहकर्मी के साथ रिश्ते में होने की बात स्वीकार की थी।
जानकारी के अनुसार, दंपत्ति के बीच अनबन के चलते मई 2026 में महिला अपने पति को छोड़कर लुइसियाना चली गई थी और वहां किसी अन्य व्यक्ति को डेट करने लगी थी। हालांकि, अपनी बेटी को उसने अंकुर के पास ही छोड़ दिया था। परिवार के समझाने पर वह कुछ समय के लिए वापस जरूर आई, लेकिन फिर से अलग हो गई।
इसके बाद अंकुर उसे और उसके नए पार्टनर को लगातार जान से मारने की धमकियां देने लगा और महिला को उसकी बेटी से बात करने से भी रोक दिया। घटना से करीब 15 दिन पहले अंकुर शिकागो में अपने रिश्तेदारों के घर आ गया और महिला को खबर दिए बिना अपनी बेटी को भारत में अपने माता-पिता के पास भेज दिया।
अंकुर ने बेटी से मिलाने का बहाना बनाकर पत्नी को शिकागो बुलाया। महिला को यह नहीं मालूम था कि उसकी बेटी भारत भेजी जा चुकी है। वह अपने नए पार्टनर के साथ शिकागो पहुंची, जहां उसका पार्टनर अपार्टमेंट के बाहर गाड़ी में ही रुका रहा और वह अकेले अंकुर के घर गई।
जब महिला को पता चला कि बेटी घर पर नहीं है और उसने अंकुर के साथ रहने से साफ मना करते हुए अपने नए पार्टनर के पास लौटने की बात कही, तो अंकुर आपा खो बैठा। उसने रसोई से चाकू उठाकर महिला की गर्दन पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
काफी देर तक संदेशों का जवाब न मिलने पर बाहर गाड़ी में मौजूद पार्टनर ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस मौके पर पहुंची जरूर, लेकिन सही अपार्टमेंट नंबर न मिलने के कारण बिना जांच किए वापस लौट गई। मामले का खुलासा तब हुआ जब अंकुर के दोस्त उससे मिलने अपार्टमेंट पहुंचे। उन्होंने देखा कि वॉशिंग मशीन के पास महिला का शव पड़ा था और अंकुर गायब था।
यह भी पढ़ें- भोपाल में हर तीसरा व्यक्ति कमर दर्द से परेशान… IT और सरकारी कर्मचारियों में सबसे अधिक मामला, जानें क्यों बढ़ रहा खतरा
हत्या के बाद आरोपी अंकुर तुरंत ओहेयर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचा ताकि भारत भाग सके, लेकिन टिकट काउंटर बंद होने के कारण वह निकल नहीं पाया। इसके बाद उसने होटल में रुककर अपने कपड़े बदले, खून से सने कपड़े फेंके और हत्या में इस्तेमाल हथियार को ठिकाने लगा दिया।
अगले दिन उसने भारत के लिए नई फ्लाइट का टिकट बुक किया, लेकिन उड़ान भरने से ठीक पहले अमेरिकी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अंकुर ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए कहा कि पत्नी द्वारा साथ रहने से मना करने पर उसने गुस्से में आकर यह कदम उठाया।