
डिजिटल डेस्क। ब्रिटेन में एक भारतीय नागरिक का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में उसे एक कथित नाबालिग लड़की के साथ आपत्तिजनक ऑनलाइन बातचीत के आरोपों को लेकर स्थानीय विजिलेंट समूह द्वारा घेरकर सवाल-जवाब करते देखा जा सकता है। इस घटना के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है।
क्या है पूरा मामला
वायरल वीडियो में 27 वर्षीय प्रावना भट्ट नामक युवक रोते हुए अपनी गलती स्वीकार करता और माफी मांगता नजर आ रहा है। उससे उन ऑनलाइन चैट्स के बारे में पूछताछ की जा रही थी, जिनमें वह कथित तौर पर खुद को नाबालिग बताने वाली प्रोफाइल से बातचीत कर रहा था।
हालांकि, उपलब्ध जानकारी के अनुसार यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि संबंधित प्रोफाइल वास्तव में किसी नाबालिग की थी या फिर आरोपी को पकड़ने के लिए किसी डिकॉय अकाउंट का इस्तेमाल किया गया था। मामले की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।
पोस्ट-स्टडी वीजा पर वहीं रह रहा था
पूछताछ के दौरान भट्ट ने बताया कि वह तीन साल पहले छात्र वीजा पर यूनाइटेड किंगडम आया था। पढ़ाई पूरी करने के बाद वह पोस्ट-स्टडी वीजा पर वहीं रह रहा था। वीडियो में उसने यह भी स्वीकार किया कि उसे लड़की की उम्र 14 वर्ष बताए जाने के बाद भी उसने उससे बातचीत जारी रखी थी।
आरोप है कि उसने कथित तौर पर आपत्तिजनक संदेश भेजे, मुलाकात की कोशिश की और ऑनलाइन अनुचित सामग्री भी साझा की। वीडियो में यह भी दावा किया गया कि उसने लड़की से पैसे मांगने और होटल में कमरा बुक कराने की बात कही थी।
युवक बार-बार माफी मांगता दिखाई दिया
पकड़े जाने के बाद युवक बार-बार माफी मांगता दिखाई देता है। उसने कहा कि उससे गलती हुई है और वह दोबारा ऐसा नहीं करेगा। साथ ही उसने विजिलेंट समूह से पुलिस को सूचना न देने की गुहार भी लगाई।
पहले भी आ चुके हैं मामले
गौरतलब है कि ब्रिटेन में इस तरह के मामलों में स्थानीय विजिलेंट समूहों द्वारा संदिग्ध लोगों को पकड़ने और उनके वीडियो सार्वजनिक करने की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। इससे पहले भी एक अन्य भारतीय नागरिक का वीडियो इसी तरह के आरोपों के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
फिलहाल मामले में आधिकारिक जांच और कानूनी कार्रवाई को लेकर संबंधित एजेंसियों की ओर से विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।
यह भी पढ़ें- अयातुल्लाह खामेनेई के अंतिम संस्कार की तैयारियां तेज, मशहद में सुपुर्द-ए-खाक के दौरान जुटेंगे 2 करोड़ लोग