
डिजिटल डेस्क, नईदिल्ली। iPhone पाने के लिए कोई किडनी बेच रहा है तो कोई अपनों का ही खून बहा रहा है हैरान कर देने वाली इन सच्ची घटनाओं और पागलपन की उस हद को जानिए, जिसने कई जिंदगियां हमेशा के लिए उजाड़ दीं।
iPhone की चाहत में हद पार: दुनिया के चौंकाने वाले मामले
आज के दौर में iPhone सिर्फ स्मार्टफोन नहीं रह गया है। कई युवाओं के लिए यह स्टेटस और आधुनिक जीवनशैली से जुड़ी पसंद बन चुका है। महंगे फोन की चाहत में लोग किस हद तक जा सकते हैं, इसके कई हैरान करने वाले मामले सामने आ चुके हैं। कहीं फोन खरीदने के लिए किडनी बेचने की घटना सामने आई, तो कहीं लोगों ने अपना नाम तक बदल लिया। कुछ मामलों में iPhone पाने की चाहत अपराध और मौत तक की वजह बनी।
साल 2015 में iPhone 6s के लॉन्च से पहले चीन में एक अनोखा मामला चर्चा में आया था। सोशल मीडिया पर शंघाई, हुबेई और जियांगसू के सरकारी स्पर्म बैंकों से जुड़ा एक विज्ञापन वायरल हुआ। इसमें युवाओं को iPhone खरीदने के लिए स्पर्म डोनेशन का ऑफर दिए जाने की बात कही गई थी।

विज्ञापन में दावा किया गया था कि योग्य उम्मीदवार 17 मिलीलीटर वीर्य दान कर करीब 6,000 युआन, यानी 70 हजार रुपये से अधिक हासिल कर सकते हैं। यह रकम iPhone 6s खरीदने के लिए पर्याप्त बताई गई थी। हालांकि, इसके लिए कुछ शर्तें भी थीं। डोनर का यूनिवर्सिटी ग्रेजुएट होना, कम से कम 5 फीट 5 इंच लंबा होना और किसी बीमारी से मुक्त होना जरूरी था। शंघाई स्पर्म बैंक के अधिकारियों के मुताबिक, बड़ी संख्या में डोनर्स वहां पहुंचे थे।
साल 2011 में चीन के 17 वर्षीय वांग श्यांगकुन ने iPhone 4 खरीदने के लिए अपनी किडनी ब्लैक मार्केट में बेच दी थी। इसके बदले उसे करीब ढाई लाख रुपये मिले और उसने फोन खरीद लिया।
लेकिन यह फैसला उसकी जिंदगी पर भारी पड़ा। गलत जगह हुई सर्जरी के कारण बाद में उसकी दूसरी किडनी भी फेल हो गई। करीब 14 साल बाद वह डायलिसिस पर निर्भर जिंदगी जी रहा है। जिस फोन के लिए उसने इतना बड़ा जोखिम उठाया था, उसकी कीमत उसे लंबे समय तक भुगतनी पड़ी।
नया iPhone लॉन्च होने पर स्टोर के बाहर लंबी कतारें लगना कोई नई बात नहीं है। लेकिन 2014 में ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में एक व्यक्ति ने इस जुनून की अलग मिसाल पेश की।
लिंडसे हैंडमर ने फ्लैगशिप स्टोर के बाहर iPhone खरीदने से 44 दिन पहले ही टेंट लगा लिया था। उसका मकसद नए iPhone को खरीदने वाले दुनिया के शुरुआती लोगों में शामिल होना था। इस दौरान उसने स्टोर के बाहर ही खाना खाया और सोया तथा मौसम की मुश्किलों का सामना किया।
यूक्रेन में iPhone पाने के लिए 20 वर्षीय ओलेकसांद्र तुरिन ने अपना नाम तक बदल लिया। एक बड़े इलेक्ट्रॉनिक्स स्टोर ने घोषणा की थी कि कानूनी तौर पर अपना नाम बदलकर “iPhone Sim” रखने वाले शुरुआती पांच लोगों को मुफ्त iPhone 7 दिया जाएगा।
ऑफर की जानकारी मिलने के बाद ओलेकसांद्र तुरिन ने अपना नाम बदलने का फैसला किया। उसने सरकारी दफ्तर में नाम बदलने की फीस जमा की और कानूनी तौर पर उसका नाम iPhone Sim हो गया। इसके बाद उसे मुफ्त iPhone 7 मिला।
iPhone को लेकर भारत में भी ऐसे मामले सामने आए हैं, जिनमें महंगे फोन की चाहत ने लोगों को गंभीर अपराध तक पहुंचा दिया।
हाल ही में केरल के अलापुझा से सामने आए मामले में 13 वर्षीय नाबालिग लड़की पर अपने 17 वर्षीय बॉयफ्रेंड और उसके दो दोस्तों के साथ मिलकर अपने 67 वर्षीय दादा शिवनकुट्टी की हत्या की साजिश में शामिल होने का आरोप लगा था।
बताया गया कि लड़की नया iPhone चाहती थी। इसके लिए उसने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर घर में डकैती और दादा की हत्या की योजना बनाई, ताकि घर में रखे सोने के गहने चोरी कर बेचे जा सकें। आरोप के मुताबिक, जब लड़के दादा पर हमला कर रहे थे, तब लड़की वीडियो कॉल के जरिये पूरी घटना देख रही थी।
भारत में ही एक युवक ने अपनी प्रेमिका को iPhone गिफ्ट करने के लिए अपने अपहरण की झूठी कहानी रच डाली। उसने परिवार को फोन कर लाखों रुपये की फिरौती मांगी, ताकि उस रकम से iPhone खरीदा जा सके।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो मोबाइल लोकेशन के जरिए युवक तक पहुंच गई। जांच में वह एक होटल में मिला। इसके बाद उसकी बनाई पूरी कहानी सामने आ गई और उसे जेल जाना पड़ा।
लखनऊ में iPhone 16 की डिलीवरी लेने पहुंचे डिलीवरी ब्वॉय भरत साहू की हत्या का मामला भी सामने आया। भरत साहू गजानन नाम के ग्राहक के लिए फोन लेकर पहुंचा था। फोन कैश ऑन डिलीवरी था।
गजानन और उसके दोस्त आकाश के पास फोन खरीदने के लिए पैसे नहीं थे। आरोप है कि iPhone पाने के लिए दोनों ने भरत साहू की गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को बोरे में रखकर इंदिरा नहर में फेंक दिया। पुलिस ने भरत के कॉल रिकॉर्ड और उसकी आखिरी डिलीवरी का रूट खंगाला। जांच के बाद दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया।
महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में iPhone की किश्तों को लेकर विवाद ने एक परिवार के तीन लोगों की जान ले ली। 18 वर्षीय कुणाल ने iPhone खरीदा था, लेकिन उसकी भारी किश्तें चुकाना उसके लिए मुश्किल हो गया। किश्तों को लेकर पिता से विवाद के बाद वह नाराज होकर एक पहाड़ी पर पहुंच गया।
गांव वालों ने उसे घंटों समझाया और नया फोन दिलाने का लालच भी दिया, लेकिन वह नहीं माना। बेटे को बचाने के लिए पिता ने उसे पीछे खींचने की कोशिश की। इसी दौरान संतुलन बिगड़ा और दोनों गहरी खाई में गिर गए।
मां ने दोनों को खाई में गिरते देखा तो उसने भी पहाड़ी से छलांग लगा दी। इस तरह iPhone की किश्तों को लेकर शुरू हुआ विवाद एक ही परिवार की तीन जिंदगियों के अंत का कारण बन गया।