
डिजिटल डेस्क। अंतरराष्ट्रीय राजनीति और रसूखदार हस्तियों के बीच भूचाल लाने वाले कुख्यात यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन से जुड़े राज परत-दर-परत खुलते जा रहे हैं। एक ताजा पड़ताल में सामने आया है कि यौन अपराधों में दोषी ठहराए जाने के बाद अपनी खोई हुई सामाजिक प्रतिष्ठा और रसूख को दोबारा हासिल करने के लिए एपस्टीन ने रूस और पूर्व सोवियत गणराज्यों की युवतियों का सहारा लिया।
उसने न केवल इन महिलाओं को अपने अवैध नेटवर्क में धकेला, बल्कि रूसी धनकुबेरों और उच्च पदस्थ अधिकारियों से नजदीकियां बढ़ाने की भी पुरजोर कोशिश की।
समाचार एजेंसी रॉयटर्स द्वारा सैकड़ों दस्तावेजों की छानबीन और दो दर्जन से अधिक जानकारों से की गई बातचीत के आधार पर यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। रिपोर्ट बताती है कि वर्ष 2008 में सजा सुनाए जाने के बाद जब वैश्विक अभिजात्य वर्ग (एलीट क्लास) ने एपस्टीन से दूरी बना ली, तो उसने अपनी छवि सुधारने और ताकतवर लोगों के गलियारों में वापसी करने के लिए रूस की ओर रुख किया।
पड़ताल के मुताबिक, रूस और पूर्व सोवियत संघ से अलग हुए देशों की कम से कम 17 महिलाओं को एपस्टीन के सेक्स-ट्रैफिकिंग तंत्र का हिस्सा बनाया गया था। एपस्टीन के लिए रूस दोहरे मकसद को पूरा करने का माध्यम बन गया था - पहला, अपने नेटवर्क के लिए महिलाओं की व्यवस्था करना और दूसरा, वहां के प्रभावशाली लोगों के जरिए वैश्विक स्तर पर अपनी पैठ फिर से जमाना। बाद में इन 17 पीड़ितों में से तीन महिलाओं ने एपस्टीन के शोषण और अत्याचार के खिलाफ आवाज उठाते हुए कानूनी न्याय की गुहार भी लगाई।
रूस में एपस्टीन की सक्रियता की जड़ें वहां के मॉडलिंग जगत से जुड़ी थीं। 1991 में सोवियत संघ के टूटने के बाद के दौर में कई मॉडलिंग एजेंट नए चेहरों की तलाश में पूर्वी यूरोप का रुख कर रहे थे। जानकारों के अनुसार, एपस्टीन के करीबी सहयोगी और फ्रांसीसी मॉडलिंग स्काउट जीन-ल्यूक ब्रुनेल ने इस क्षेत्र से कई युवतियों का चयन किया और उन्हें पेरिस व अमेरिका पहुंचाया। इसी कड़ी में पूर्व मॉडल थिसिया हुइसमैन ने खुलासा किया कि सितंबर 1991 में पेरिस में ब्रुनेल की एक पार्टी के दौरान ही उनका परिचय एपस्टीन से हुआ था।
गौरतलब है कि नाबालिगों की तस्करी के गंभीर संघीय आरोपों का सामना कर रहे एपस्टीन की साल 2019 में न्यूयॉर्क के मैनहट्टन स्थित एक जेल में मौत हो गई थी। हालांकि, इस पूरी जांच में यह भी स्पष्ट किया गया है कि रूस में अपना नेटवर्क फैलाने की तमाम कोशिशों के बावजूद एपस्टीन न तो वहां कोई बड़ा व्यापारिक सौदा कर सका और न ही रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन तक उसकी कोई सीधी पहुंच बन सकी।
यह भी पढ़ें- अमेरिका में '90 दिन के ब्लैकआउट' की अफवाह से मची खलबली; पानी, राशन और जनरेटर खरीदकर जमा कर रहे लोग