
डिजिटल डेस्क। पाकिस्तान के लाहौर हाई कोर्ट के बाहर हाल ही में एक ऐसा मंजर देखने को मिला, जिसने सोशल मीडिया पर हर किसी की आंखों को नम कर दिया। यहां एक मां अपनी आठ जवान बेटियों को बेसहारा छोड़कर अपने नए पति के साथ चली गई। अदालत से कानूनी अनुमति मिलने के बाद जब महिला अपने नए पति के साथ रवाना हुई, तो उसकी बेटियां पीछे चीखती-चिल्लाती रह गईं, लेकिन ममता पर बंदिशें ऐसी हावी हुईं कि मां ने एक बार भी पीछे मुड़कर नहीं देखा।
पाकिस्तानी मीडिया 'द डॉन' की रिपोर्ट के मुताबिक, गुलाम हुसैन नामक व्यक्ति ने लाहौर हाई कोर्ट में एक याचिका दायर की थी। इस याचिका में उसने दावा किया था कि उसकी पत्नी शबनम बीबी को उसके पूर्व परिवार (बेटियों और रिश्तेदारों) ने कथित तौर पर अपनी अवैध हिरासत में रखा हुआ है।
बाप गुज़र गया तो मां ने आठों जवान बेटियों न सिर्फ पहचानने से इंकार किया बल्कि दूसरी शादी कर ली
ये नजर पाकिस्तानी कोर्ट का बताया जा रहा है जहां पर बेटियों ने मां को अपने घर वापस लाने के लिए पिटिशन दायर की थी पर जज ने मां को अपनी जिंदगी गुजारने का हक़ का हवाला देते हुए शादी करने… pic.twitter.com/bBDGJSmV1g
— Hasin Shah (@hasinshahjama) June 2, 2026
जब शबनम बीबी को अदालत में पेश किया गया, तो उसने जज के सामने बयान दिया कि उसने गुलाम हुसैन से निकाह कर लिया है और वह अपनी मर्जी से केवल उसी के साथ रहना चाहती है। अदालत ने दोनों की रजामंदी और कानूनी अधिकारों का सम्मान करते हुए उन्हें साथ रहने की इजाजत दे दी।
अदालत का फैसला आने के बाद जब शबनम कोर्ट रूम से बाहर निकली, तो वहां पहले से मौजूद उसकी आठों बेटियां उसके पैरों में गिर गईं और रोने-बिलखने लगीं।
इस घटना के दो वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह वायरल हो रहे हैं। एक वीडियो में रोती-बिलखती बेटियां अपनी मां के पीछे भागती नजर आ रही हैं, लेकिन शबनम की बेरुखी साफ देखी जा सकती है। इंटरनेट पर लोग इस घटना को ममता का गला घोंटने वाला और पूरी तरह अमानवीय बताकर महिला की कड़ी आलोचना कर रहे हैं।
अदालत ने भले ही कानूनी तौर पर शबनम को अपनी नई जिंदगी चुनने की आजादी दे दी हो, लेकिन सामाजिक और नैतिक तौर पर इस घटना ने सबको हिलाकर रख दिया है। अपनी मां के इस कदम के बाद सभी आठ बेटियां अब अकेली रह गई हैं और अपने भविष्य को लेकर बेहद डरी और चिंतित हैं।