
डिजिटल डेस्क, बलूचिस्तान। पाकिस्तान के प्रांत बलूचिस्तान के जिवानी (पनवान) इलाके में शुक्रवार शाम एक बड़ा हमला हुआ, जब बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने पाकिस्तानी कोस्ट गार्ड के एक प्रमुख कैंप को निशाना बनाकर भीषण अटैक किया। 'द बलूचिस्तान पोस्ट' के अनुसार, इस फिदायीन और जमीनी हमले में कम से कम 30 पाकिस्तानी जवानों के मारे जाने और दर्जनों के घायल होने का दावा किया गया है।
यह रणनीतिक ऑपरेशन अलगाववादी गुट की कुख्यात 'मजीद ब्रिगेड' द्वारा अंजाम दिया गया। संगठन ने आत्मघाती हमलावर की पहचान अताउल्लाह बलूच उर्फ अजमल के रूप में की है। उसने विस्फोटकों से भरे एक मज्दा ट्रक को शाम करीब 6:32 बजे सीधे कोस्ट गार्ड परिसर से टकरा दिया।
धमाका इतना जोरदार था कि सैन्य शिविर का एक बड़ा हिस्सा मलबे के ढेर में तब्दील हो गया। BLA की मीडिया विंग 'हक्कल' द्वारा जारी एक वीडियो फुटेज में ट्रक के परिसर में घुसने और उसके ठीक बाद हुए भयावह विस्फोट को दिखाया गया है।
संगठन के प्रवक्ता जियांद बलूच के मुताबिक, इस आत्मघाती धमाके के तुरंत बाद BLA के टैक्टिकल विंग 'फतेह स्क्वाड' ने मोर्चा संभाला। हथियारबंद लड़ाकों ने तबाह हो चुके कैंप को चारों तरफ से घेर लिया और वहां मौजूद जीवित बचे कोस्ट गार्ड के जवानों पर चौतरफा हमला बोल दिया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच आमने-सामने की भीषण मुठभेड़ हुई।
यह भी पढ़ें- भोपाल में बीच सड़क पर ऑटो चालक को घेरकर पेट में मारा चाकू, अस्पताल में 8 दिन बाद होश में आते ही खोला राज
विद्रोहियों का दावा है कि मलबे में दबे और गंभीर रूप से घायल सैनिकों की स्थिति को देखते हुए मरने वालों का आंकड़ा और बढ़ सकता है। BLA ने स्पष्ट किया है कि बलूचिस्तान की पूर्ण स्वतंत्रता के अपने अंतिम लक्ष्य को हासिल करने तक पाकिस्तानी सुरक्षा बलों पर उनके ऐसे सशस्त्र हमले जारी रहेंगे। इस विनाशकारी हमले के बाद क्षेत्र में तनाव चरम पर है।