नेपाल में बाढ़ के बाद भूकंप, एक दिन में दो बार कांपी धरती, सहम गए लोग
नेपाल में दो बार भूकंप के झटके महसूस किए गए और झटकों के बाद लोगों में दहशत फैल गई।
Publish Date: Wed, 16 Sep 2026 01:00:34 PM (IST)Updated Date: Wed, 16 Sep 2026 01:00:34 PM (IST)
भूकंप के झटकों से सहमा नेपाल, फाइल फोटोHighLights
- नेपाल में बाढ़ के बाद आया भूकंप
- एक दिन में दो बार लगे भूकंप के झटके
- झटकों के बाद पूरी तरह सहम गए लोग
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत के पड़ोसी देश नेपाल की समस्या कम होने का नाम नहीं ले रही है। बुधवार सुबह नेपाल में दो बार भूकंप के झटके महसूस किए गए और झटकों के बाद लोगों में दहशत फैल गई। हालांकि, अभी तक किसी प्रकार की हताहत होने की कोई खबर नहीं हैं।
बताया जा रहा है कि, तीन घंटे के अंदर नेपाल में दो बार भूकंप के झटके महसूस किए गए। पहला भूकंप 4.5 तीव्रता का और दूसरा भूकंप 4.2 तीव्रता का आया। इन झटकों के बाद लोग पूरी तरह से सहम गए।
4.5 तीव्रता का लगा पहला झटका
नेशनल सिस्मोलॉजिकल रिसर्च सेंटर के मुताबिक, भूकंप का पहला झटका रात 1:51 बजे दर्ज किया गया। इस भूकंप के झटके की रिक्टर स्केल पर तीव्रता 4.5 मापी गई। तीन घंटे के अंदर दूसरी बार भूकंप के झटके महसूस किए गए।
साढ़े चार बजे आया दूसरा झटका
सुबह 4:28 बजे 4.2 तीव्रता का दूसरी बार भूकंप आया और इसका केंद्र भी मुगु जिले के कलाई इलाके के आसपास था। ये झटके पड़ोसी जिलों डोल्पा और जुमला में भी महसूस किए गए।
अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल किसी तरह की जनहानि या संपत्ति के नुकसान की सूचना नहीं है। हालांकि, भूकंप के बाद होने वाले संभावित आफ्टरशॉक्स और देर से मिलने वाली नुकसान की सूचनाओं को लेकर संबंधित एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।