नेपाल जाने वाले ध्यान दें : अब आसानी से नहीं मिलेगी एंट्री, बालेन सरकार ने लागू किए कड़े नियम
भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था अचानक सख्त कर दी गई है। ...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 11 May 2026 03:05:30 PM (IST)Updated Date: Mon, 11 May 2026 03:10:57 PM (IST)
बालेन सरकार ने लागू किए कड़े नियमHighLights
- नेपाल में एंट्री के लिए पहचान पत्र हुआ अनिवार्य
- बिना दस्तावेज वाले लोगों को बॉर्डर से लौटाया गया
- सीमा पर SSB और नेपाल पुलिस की सख्त जांच जारी
डिजिटल डेस्क। भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था अचानक सख्त कर दी गई है। अब नेपाल में प्रवेश करने के लिए भारतीय नागरिकों को वैध पहचान पत्र दिखाना अनिवार्य होगा। नेपाल प्रशासन ने साफ कर दिया है कि आधार कार्ड, वोटर आईडी या पासपोर्ट जैसे दस्तावेजों के बिना किसी को सीमा पार करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
किन लोगों को आईडी रखना है जरूरी
सिर्फ वयस्क ही नहीं, बल्कि 15 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए भी जन्म प्रमाण पत्र या स्कूल आईडी साथ रखना जरूरी कर दिया गया है। जिन लोगों के पास पहचान से जुड़े दस्तावेज नहीं मिल रहे, उन्हें सीमा से वापस लौटाया जा रहा है।
नेपाल प्रशासन ने क्यों उठाया यह कदम
नेपाल प्रशासन का कहना है कि यह कदम अवैध घुसपैठ और आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए उठाया गया है। पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार बनने के बाद रोहिंग्या और बांग्लादेशी नागरिकों के नेपाल में घुसने की आशंका को देखते हुए दोनों देशों की सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में हैं।
सोनामनी गोदाम से आमबारी तक करीब 38 किलोमीटर लंबी सीमा पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। नेपाल पुलिस, नेपाल एपीएफ और भारतीय सीमा सुरक्षा बल (SSB) लगातार पेट्रोलिंग कर रहे हैं। सीमा पार करने वाले हर व्यक्ति की जांच और पहचान पत्र की पड़ताल की जा रही है।
लोगों की लंबी कतारें लग रही हैं
रविवार को सिकटी, कुर्साकांटा और मेघा-मायागंज समेत कई सीमावर्ती इलाकों में भारी सुरक्षा व्यवस्था देखने को मिली। अचानक शुरू हुई सख्त जांच के कारण सीमा पर लंबी कतारें लग गईं। नेपाल में रोजाना काम करने जाने वाले मजदूरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। जिनके पास पहचान पत्र नहीं था, उन्हें वापस भेज दिया गया।
अधिकारियों का क्या कहना है
नेपाल एपीएफ अधिकारियों जी कटवाल और एसएस ठाकुर ने बताया कि यह नियम सिर्फ भारतीय नागरिकों पर नहीं, बल्कि नेपाल और अन्य देशों के लोगों पर भी लागू किया गया है। वहीं एसएसबी के कार्यवाहक कमांडेंट पीएन सिंह ने लोगों से अपील की कि सीमा पार करते समय हमेशा पहचान पत्र साथ रखें।
यह भी पढ़ें- स्मार्ट सिटी और नगर निगम के बीच उलझीं भोपाल के न्यू मार्केट की स्ट्रीट लाइटें