अफगानिस्तान में पाकिस्तान की एयरस्ट्राइक, काबुल से कंधार तक बमबारी में 4 लोगों की मौत
पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में हवाई हमला किया है। रिपोर्ट के मुताबिक काबुल से लेकर कंधार तक कई जगहों पर बमबारी की गई और तेज धमाकों की आवाजें सुनी गईं। ...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 13 Mar 2026 04:00:22 PM (IST)Updated Date: Fri, 13 Mar 2026 04:00:22 PM (IST)
अफगानिस्तान में पाकिस्तान की एयरस्ट्राइकHighLights
- पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में कई जगहों पर एयरस्ट्राइक किया है
- हमले में चार लोगों की मौत हुई और 15 अन्य घायल बताए जा रहे हैं
- कार्रवाई पाकिस्तानी तालिबान के ठिकानों को निशाना बनाकर की गई
डिजिटल डेस्क। पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में हवाई हमला किया है। रिपोर्ट के मुताबिक काबुल से लेकर कंधार तक कई जगहों पर बमबारी की गई और तेज धमाकों की आवाजें सुनी गईं। इस हमले में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए हैं।
एक पाकिस्तानी सुरक्षा अधिकारी ने नाम उजागर न करने की शर्त पर बताया कि यह हमला देर रात किया गया। अधिकारी के अनुसार, पाकिस्तानी सेना ने कार्रवाई के दौरान पाकिस्तानी तालिबान से जुड़े ठिकानों को निशाना बनाया।
काबुल पुलिस के प्रवक्ता खलील जादरान ने जानकारी दी कि राजधानी में घरों पर हुई बमबारी में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल हो गए।
अफगानिस्तान में पाकिस्तान की एयरस्ट्राइक
तालिबान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्ला मुजाहिद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि पाकिस्तानी हमलों का निशाना दक्षिणी प्रांत कंधार भी बना, जहां अफगान प्रशासन का शीर्ष नेतृत्व रहता है।
मुजाहिद ने आगे कहा कि पाकिस्तान ने पूर्वी पक्तिया और पक्तिका प्रांतों में भी हमले किए। ये दोनों प्रांत पाकिस्तान की सीमा से सटे हुए हैं। हालांकि पाकिस्तान का कहना है कि इस कार्रवाई में किसी भी आम नागरिक को निशाना नहीं बनाया गया।
पाकिस्तान ने अफगानिस्तान पर क्यों किया हमला?
पाकिस्तान ने पिछले महीने फरवरी में भी अफगानिस्तान में हवाई हमले किए थे। पाकिस्तान का दावा है कि अफगानिस्तान की सीमा से उस पर लगातार हमले बढ़ रहे हैं, इसलिए उग्रवादी समूहों के खिलाफ यह अभियान चलाया जा रहा है।
वहीं तालिबान सरकार ने पाकिस्तान के इन आरोपों को खारिज कर दिया है। अफगानिस्तान का कहना है कि उसके इलाके का इस्तेमाल उग्रवादी गतिविधियों के लिए नहीं किया जा रहा और इन घटनाओं से उसका कोई संबंध नहीं है।
यह भी पढ़ें- अफगानिस्तान-पाकिस्तान में छिंड़ी जंग, तालीबान का दावा- पाक के एफ-16 फाइटर जेट को मार गिराया