
डिजिटल डेस्क, पाकिस्तान। पाकिस्तान अपने 73 साल के इतिहास में पहली बार मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता में आधिकारिक रूप से हिस्सा लेने जा रहा है। मिस वर्ल्ड फेस्टिवल के 75वें एनिवर्सरी एडिशन में 24 वर्षीय अनिका जमाल पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व करेंगी। लाहौर में उन्हें आधिकारिक तौर पर 'मिस वर्ल्ड पाकिस्तान 2026' का ताज पहनाया गया। इसे पाकिस्तान के लिए अंतरराष्ट्रीय ब्यूटी पेजेंट के इतिहास का महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है।

अब तक पाकिस्तान ने कभी भी मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता में आधिकारिक प्रतिनिधि नहीं भेजा था। इस बार अनिका जमाल के चयन के साथ यह स्थिति बदलने जा रही है। वियतनाम में आयोजित होने वाले मिस वर्ल्ड फेस्टिवल के 75वें संस्करण में उनकी भागीदारी पाकिस्तान के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि मानी जा रही है।
पाकिस्तान जैसे इस्लामिक देश में मॉडलिंग और ब्यूटी पेजेंट से जुड़ी गतिविधियां लंबे समय से विवादों का विषय रही हैं। ऐसे आयोजनों का कई बार दक्षिणपंथी और कट्टरपंथी इस्लामिक समूह विरोध करते रहे हैं। ऐसे में अनिका की भागीदारी भी चर्चा का विषय बनी हुई है।
24 वर्षीय अनिका जमाल अंतरराष्ट्रीय ब्यूटी पेजेंट्स में पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व करने का अनुभव रखती हैं। वह इससे पहले 'मिस अर्थ', 'मिस ग्लोबल', 'मिस कॉस्मो', 'मिस इको इंटरनेशनल' और 'मिस ऑरा इंटरनेशनल' जैसे मंचों पर पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।
अनिका फिलहाल अकाउंटिंग और ऑडिटिंग में मास्टर्स की पढ़ाई कर रही हैं। इसके अलावा वह कोसोवो में आयोजित 'मिस फ्रीडम ऑफ द वर्ल्ड' प्रतियोगिता में चार खिताब भी अपने नाम कर चुकी हैं। अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उनकी सक्रिय मौजूदगी ने उन्हें पाकिस्तान की प्रमुख ब्यूटी क्वीन के रूप में पहचान दिलाई है।
अनिका जमाल का कहना है कि वह मिस वर्ल्ड जैसे वैश्विक मंच का उपयोग केवल सौंदर्य प्रतियोगिता तक सीमित नहीं रखना चाहतीं। उनका उद्देश्य पाकिस्तान में थैलेसीमिया से पीड़ित लोगों के लिए जागरूकता बढ़ाना और उनके समर्थन को मजबूत करना है। उनका मानना है कि अंतरराष्ट्रीय मंच सामाजिक बदलाव का प्रभावी माध्यम बन सकता है।
पाकिस्तान की महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय ब्यूटी पेजेंट्स के लिए तैयार करने का काम वर्ष 2002 में स्थापित 'मिस पाकिस्तान वर्ल्ड ऑर्गनाइजेशन' कर रहा है। यह संस्था वर्षों से विभिन्न वैश्विक प्रतियोगिताओं के लिए प्रतिभागियों को तैयार करती रही है और अब पहली बार मिस वर्ल्ड में पाकिस्तान की आधिकारिक भागीदारी सुनिश्चित हुई है।
मिस पाकिस्तान वर्ल्ड ऑर्गनाइजेशन की चीफ सोनिया अहमद ने कहा कि मिस वर्ल्ड में पाकिस्तान की भागीदारी उनके देश के लिए ऐतिहासिक पल है। उनके अनुसार यह केवल एक ब्यूटी प्रतियोगिता नहीं, बल्कि वैश्विक मंच पर राष्ट्रीय प्रतिनिधित्व का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी महिलाएं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर लगातार अपनी प्रतिभा और क्षमता का प्रदर्शन कर रही हैं और यह उपलब्धि उसी यात्रा का नया अध्याय है।