मिस्र में बड़ा रेल हादसा: काहिरा के पास दो ट्रेनों की जोरदार टक्कर, 7 की मौत और 125 यात्री घायल
मिस्र की राजधानी काहिरा के पास रविवार को एक दिल दहला देने वाला रेल हादसा सामने आया।
Publish Date: Mon, 09 Nov 2026 10:06:41 AM (IST)Updated Date: Mon, 09 Nov 2026 10:06:41 AM (IST)
HighLights
- मिस्र के गीजा प्रांत (अल-अय्यात जिले) में दो यात्री ट्रेनों के बीच भीषण टक्कर।
- हादसे में एक ट्रेन कंडक्टर सहित 7 लोगों की दर्दनाक मौत, 125 लोग घायल।
- स्थानीय लोगों ने बचाई कई जानें, 70 से ज्यादा को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी।
डिजिटल डेस्क, काहिरा। मिस्र की राजधानी काहिरा के पास रविवार को एक दिल दहला देने वाला रेल हादसा सामने आया। काहिरा के दक्षिण में स्थित गीजा प्रांत के अल-अय्यात जिले में दो यात्री ट्रेनें आपस में टकरा गईं। इस भीषण दुर्घटना में एक ट्रेन कंडक्टर समेत कम से कम 7 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 125 अन्य लोग घायल हुए हैं।
मिस्र के स्वास्थ्य मंत्रालय ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही बड़े पैमाने पर राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया गया। सभी घायलों को फौरन नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जिनमें से करीब 70 से ज्यादा यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
खड़ी ट्रेन के पिछले हिस्से में जा घुसी दूसरी ट्रेन
परिवहन मंत्रालय और अधिकारियों से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना राजधानी काहिरा से लगभग 52 किलोमीटर दूर हुई। जांच में पता चला है कि काहिरा से दक्षिणी मिस्र (असवान) की ओर जा रही एक ट्रेन ट्रैक पर खड़ी थी।
इसी दौरान उसी ट्रैक पर दक्षिण-पश्चिमी प्रांत फयूम की ओर जा रही दूसरी ट्रेन (गीजा-फयूम) ने उसके आखिरी डिब्बे में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। मुख्य अभियोजक कार्यालय की जांच टीम देर रात घटनास्थल पर पहुंच गई है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दोनों ट्रेनें एक ही ट्रैक पर कैसे आईं और इस भीषण चूक का असल कारण क्या था।
चीख-पुकार के बीच देवदूत बने स्थानीय लोग
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। समाचार एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस (AP) से बात करते हुए अल-अय्यात के काफ़्र गिरजा निवासी अयमन जमाल ने बताया कि दुर्घटना के बाद सबसे पहले आसपास रहने वाले स्थानीय लोग ही मदद के लिए दौड़े।
लोगों ने मलबे में फंसे यात्रियों को बाहर निकालना शुरू किया और एंबुलेंस बुलाकर उन्हें अस्पताल भेजा। जमाल के मुताबिक, उन्होंने खुद करीब 80 घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल जाते देखा। दुखद बात यह रही कि कुछ लोगों को जब तक मलबे से बाहर निकाला गया, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।