
डिजिटल डेस्क, बैंकॉक। थाईलैंड के राजनीतिक हलकों में हमेशा से ही कीमती और लग्जरी घड़ियों का दबदबा रहा है, लेकिन हाल ही में वहां एक अनोखा ट्रेंड देखने को मिल रहा है। इन दिनों लगभग 60 डॉलर (करीब 5,600 रुपये से भी कम) कीमत वाली साधारण 'कैसियो' (Casio) डिजिटल घड़ी देश के मंत्रियों और शीर्ष नेताओं के बीच सत्ता से नजदीकी का सबसे बड़ा प्रतीक बन चुकी है।
इस रेट्रो-फ्यूचरिस्टिक मॉडल (Casio AE1200WH) पर खुद प्रधानमंत्री अनुतिन चार्नविराकुल का नाम खुदा हुआ है, जिसे 'कैसियो रोयले' कहा जाता है। कैबिनेट मंत्रियों, शीर्ष अफसरों और करीबियों की कलाई पर यह घड़ी आसानी से दिख जाती है। इसे पहनने वाले नेताओं को राजनीतिक गलियारों में 'कैसियो कनेक्शन' के नाम से जाना जाने लगा है।
प्रधानमंत्री खुद बैंकॉक के लोकल बाजारों या दौरों के दौरान छोटी दुकानों से इन घड़ियों को खरीदते हैं। घड़ियों पर अपना नाम खुदवाने के बाद वे इन्हें अपने खास सहयोगियों को भेंट करते हैं। उप परिवहन मंत्री सिरिपोंग अंकासकुलकियात ने बताया कि पीएम से तोहफे में मिलने के बाद वे हर दिन इसे ही पहनते हैं और अपनी हजारों डॉलर की लग्जरी घड़ियों को पहनना छोड़ चुके हैं।
यह भी पढ़ें- भारत के अलावा किस देश में रहते हैं सबसे ज्यादा भारतीय? इन 5 देशों में बसती है हिंदुस्तान की बड़ी आबादी
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सस्ती होने के बावजूद इस घड़ी का सियासी वजन काफी ज्यादा है। ISEAS-यूसोफ इशक इंस्टीट्यूट' के नापोन जातसुरीपिटक के अनुसार, पीएम का यह निजी तोहफा नेताओं में वफादारी का भाव पैदा करता है। सत्ताधारी गठबंधन में शामिल होने की कोशिश कर रहे कई प्रभावशाली नेता भी इसे पहन रहे हैं, जिससे नए राजनीतिक समीकरणों की चर्चा तेज है।
वर्ष 2017 में पूर्व उप-प्रधानमंत्री प्रवित वोंगसुवान पर 10 लाख डॉलर से ज्यादा कीमत की 22 लग्जरी घड़ियों को लेकर जांच बैठी थी, हालांकि उन्होंने दोस्त से उधार लेने का दावा किया था। खुद प्रधानमंत्री अनुतिन के पास 1.8 मिलियन डॉलर से अधिक मूल्य का 22 लग्जरी घड़ियों का कलेक्शन है और वे रोलेक्स पहनने के शौकीन हैं। इसके बावजूद, फिलहाल 60 डॉलर की यह साधारण कैसियो ही थाईलैंड का सबसे बड़ा पावर सिंबल बनी हुई है।