

डिजिटल डेस्क,म्यूनिख। जर्मनी के म्यूनिख एयरपोर्ट पर रविवार को एक बड़ा हादसा होने से टल गया। हनोई जा रही वियतनाम एयरलाइंस के बोइंग 787 विमान में तकनीकी खराबी आ गई, जिसकी वजह से विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। सूचना पर दमकल विभाग की टीम आनन-फानन में पहुंची।
फ्लाइट-ट्रैकिंग वेबसाइट 'Flightradar24' के अनुसार, विमान ने अपने नियत समय पर टेकऑफ किया था लेकिन वह रनवे से आगे निकल गया,जिसके बाद विमान ने ईंधन हल्का करने के लिए हवा में करीब दो घंटे के लिए चक्कर लगाए। बाद में विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।
यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया
आपातकालीन स्थिति को देखते हुए आनन-फानन में दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान यात्रियों को आपातकाल स्लाइड से जरिए सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई खबर सामने नहीं आई है।
एयरलाइन ने भी अपने आधिकारिक बयान में पुष्टि कर दी कि विमान टेकऑफ के बाद एक तकनीकी खराबी की वजह से वापस लौटा। इस दौरान एयरलाइन ने इस खराबी के सटीक कारणों की कोई जानकारी साझा नहीं की है। आगे कंपनी ने यह भी बताया कि वह संबंधित अधिकारियों और एजेंसियों के साथ मिलकर काम कर रही है।
यह भी पढ़ें- 224 यात्रियों को लेकर जा रही इंडिगो फ्लाइट का इंजन फेल, चेन्नई एयरपोर्ट पर कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग
नॉर्थ रनवे को किया गया बंद
घटना के बाद म्यूनिख एयरपोर्ट प्रशासन ने सार्वजनिक जानकारी साझा करते हुए बताया कि, हम यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और सेवा के लिए प्रतिबद्ध है। आगे यात्रियों को किसी प्रकार की कोई समस्या का सामना नहीं करना पड़े इसलिए नॉर्थ रनवे को बंद कर दिया गया, जिसके कारण आगे चलकर हवाई यातायात में देरी हो सकती है।