बांग्लादेश में 'डोनल्ड ट्रंप' भैंसे की बची जान, बकरीद से चंद घंटे पहले सरकार ने रोका कुर्बानी का छुरा
बांग्लादेश में अपने अनोखे लुक के कारण 'डोनल्ड ट्रंप' नाम से इंटरनेट पर तहलका मचाने वाले एक दुर्लभ अल्बिनो भैंसे की अब बकरीद पर कुर्बानी नहीं होगी। देश ...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 28 May 2026 11:32:48 AM (IST)Updated Date: Thu, 28 May 2026 11:58:12 AM (IST)
बांग्लादेश में इंटरनेट सेंसेशन 'डोनल्ड ट्रंप' भैंसे की बची जानHighLights
- बांग्लादेश में इंटरनेट सेंसेशन अल्बिनो भैंसे की बची जान
- ढाका चिड़ियाघर बना 'डोनल्ड ट्रंप' भैंसे का नया घर
- रहमान सरकार के सीधे हस्तक्षेप से मिला जीवनदान
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बांग्लादेश में अपने अनोखे लुक के कारण 'डोनल्ड ट्रंप' नाम से इंटरनेट पर तहलका मचाने वाले एक दुर्लभ अल्बिनो भैंसे की अब बकरीद पर कुर्बानी नहीं होगी। देश की रहमान सरकार के सीधे हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने इस 700 किलोग्राम वजनी भैंसे को अपने संरक्षण में ले लिया है। अब इसे हमेशा के लिए ढाका के राष्ट्रीय चिड़ियाघर में रखा जाएगा।
ट्रंप जैसी हेयरस्टाइल ने बनाया सेलिब्रिटी
यह दुर्लभ भैंसा अपने सिर के सुनहरे बालों के कारण हाल ही में सोशल मीडिया पर बेहद वायरल हुआ था। यूज़र्स का मानना है कि इसके सिर के बाल हूबहू अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की प्रतिष्ठित हेयरस्टाइल से मिलते-जुलते हैं। इसी दीवानगी के बीच, गुरुवार को बकरीद के मौके पर इसकी कुर्बानी दी जानी तय थी, लेकिन सरकारी निर्देश के बाद इसे ऐन वक्त पर बचा लिया गया।
मालिक को मिलेगा मुआवजा
भैंसे के मालिक मनीरुज जमान ने बताया कि बुधवार दोपहर पुलिस ने उनके घर पहुंचकर सरकार के फैसले की जानकारी दी। जमान ने किसी भी टकराव से बचने के लिए भैंसा अधिकारियों को सौंप दिया, जिसके बदले सरकार उन्हें उचित मुआवजा या दूसरा मवेशी देगी।
यह भी पढ़ें- आखिर ईद के दिन क्यों दी जाती है बकरे की कुर्बानी? जानिए हजरत इब्राहिम के त्याग की पूरी कहानी
किरानीगंज पुलिस स्टेशन के प्रभारी रुहुल कुद्दूस ने बताया कि पशुपालन विभाग के अनुसार भैंसा अभी काफी युवा है और इसे कई सालों तक जीवित रखा जा सकता है। राष्ट्रीय चिड़ियाघर के क्यूरेटर अतीकुर रहमान ने पुष्टि की है कि इस खास वीआईपी मेहमान के लिए चिड़ियाघर में एक अलग शेड और विशेष केयरटेकर तैनात कर दिया गया है।
(समाचार एजेंस पीटीआई के इनपुट के साथ)